Jakson Group Energy Solutions: भारत के प्रमुख एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर समूहों में से एक जैक्सन ग्रुप ने वित्त वर्ष 2025-26 में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व हासिल करने के साथ अपने एनर्जी सॉल्यूशन पोर्टफोलियो में बड़े विस्तार की घोषणा की है। कंपनी ने पांच नए उत्पाद – जैक्सन जेनसेट एक्स्ट्रा, बीईएसएस (बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम), सोलर किट, मोबाइल लाइट टावर एमएलटी (mobile light tower MLT) और इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर – पेश किए हैं।
कंपनी के अनुसार यह पोर्टफोलियो विस्तार एक व्यापक और भविष्य के लिए तैयार एनर्जी इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में अहम कदम है। 78 वर्षों से अधिक की विरासत रखने वाला जैक्सन ग्रुप गुणवत्ता, भरोसे और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है और पावर जनरेशन, एनर्जी स्टोरेज, सोलर अपनाने तथा क्लीन पारंपरिक एनर्जी सॉल्यूशन के क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।
Jakson Group Energy Solutions: कंपनी प्रबंधन ने क्या कहा
जैक्सन ग्रुप के चेयरमैन समीर गुप्ता ने कहा, “जैक्सन में हमारा मिशन हमेशा नवाचार के माध्यम से प्रगति को एनर्जी देना रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व के साथ हमारे पास भविष्य के लिए तैयार एनर्जी सॉल्यूशन को आकार देने की क्षमता और जिम्मेदारी दोनों है। यह विस्तार एकीकृत एनर्जी इकोसिस्टम बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो भारत और वैश्विक बाजारों की बदलती जरूरतों के अनुरूप है।”
वाइस चेयरमैन संदीप गुप्ता ने कहा, “आज बाजार ऐसे एनर्जी सॉल्यूशन की तलाश में है, जो दक्ष, भरोसेमंद और भविष्य के लिए तैयार हों। इस विस्तारित पोर्टफोलियो के साथ जैक्सन विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा करने वाले एक विविधीकृत खिलाड़ी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।”
डिस्ट्रीब्यूटेड एनर्जी बिजनेस के सीईओ सुधांशु पोखरियाल ने कहा, “यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम अपने पोर्टफोलियो का विस्तार ऐसे समाधानों के साथ कर रहे हैं, जो विश्वसनीयता और स्थिरता का संयोजन हैं और ग्राहकों को उनकी ऊर्जा जरूरतों को अधिक विश्वास और लचीलेपन के साथ पूरा करने में मदद करते हैं।”
Jakson Group Energy Solutions: नए प्रोडक्ट और उनकी खासियत
जैक्सन जेनसेट एक्स्ट्रा को छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय उपयोग के लिए कॉम्पैक्ट और भरोसेमंद पावर सॉल्यूशन के रूप में डिजाइन किया गया है। यह बेहतर ईंधन दक्षता और साइलेंट संचालन के साथ दुकानों, बंगलों और एटीएम जैसे स्थानों के लिए उपयुक्त है।
बीईएसएस एक उन्नत एनर्जी स्टोरेज प्रणाली है, जिसे घरों और व्यावसायिक उपयोग के लिए विकसित किया गया है। यह चार वेरिएंट – 3 kVA, 5 kVA, 10 kVA और 15 kVA—में उपलब्ध है और इसे कॉम्पैक्ट, सुरक्षित व लगभग शून्य रखरखाव वाला बताया गया है।
Jakson Group Energy Solutions: संपूर्ण रूफटॉप सोलर समाधान
सोलर किट एक संपूर्ण रूफटॉप सोलर समाधान है, जिसे एमएनआरई और आईएस मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। “सिस्टम-इन-ए-बॉक्स” के रूप में इसमें सोलर पीवी मॉड्यूल, इन्वर्टर, डीसीडीबी, एसीडीबी, एमसी4 कनेक्टर, लाइटनिंग अरेस्टर और अर्थिंग किट शामिल हैं।
मोबाइल लाइट टावर (एमएलटी) को कठिन परिस्थितियों में उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है। यह 40 से 50 घंटे का रनटाइम और लगभग 50,000 घंटे की आयु प्रदान करता है तथा निर्माण स्थलों, डिफेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और आपदा राहत कार्यों में उपयोगी है।
इसके अलावा, कंपनी ने बेंगलुरु स्थित एक साझेदार के साथ रणनीतिक सहयोग के जरिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में भी प्रवेश किया है। इसके तहत आरएंडडी आधारित इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर को पोर्टफोलियो में शामिल किया जाएगा, जिससे क्लीन एनर्जी और सतत परिवहन के क्षेत्र में कंपनी की उपस्थिति मजबूत होगी।
जैक्सन ग्रुप ने कहा कि इस विस्तार के साथ वह ऊर्जा परिवर्तन के अगले चरण में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, जहां बाजार क्लीन, स्मार्ट और लचीले एनर्जी सिस्टम की ओर बढ़ रहा है।
1947 में स्थापित जैक्सन ग्रुप डीजल जेनरेटर निर्माण से शुरू होकर आज एक बहुआयामी एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशन प्रदाता बन चुका है। कंपनी के छह मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, 30 से अधिक सेल्स ऑफिस और 12 अंतरराष्ट्रीय कार्यालय हैं। लगभग 3,500 कर्मचारियों के साथ कंपनी भारत और वैश्विक बाजारों में एक लाख से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रही है।
CMARG (Citizen Media And Real Ground) is a research-driven media platform that focuses on real issues, timely debates, and citizen-centric narratives. Our stories come from the ground, not from the studio — that’s why we believe: “Where the Ground Speaks, Not the Studios.” We cover a wide range of topics including environment, governance, education, economy, and spirituality, always with a public-first perspective. CMARG also encourages young minds to research, write, and explore bold new ideas in journalism.
